पाठ का परिचय (Chapter Overview)
इस पाठ में पाँच मंत्र क्रमशः ईशावास्य, कठ, मुण्डक तथा श्वेताश्वतर नामक उपनिषदों से संकलित हैं। ये मंगलाचरण के रूप में पठनीय हैं। उपनिषदों का महत्व वैदिक साहित्य में शुद्ध आध्यात्मिक ग्रंथों के रूप में है।
इन्हें पढ़ने से परम सत्य (ईश्वर) के प्रति आदरपूर्ण आस्था उत्पन्न होती है, सत्य की खोज की ओर मन का झुकाव होता है तथा आध्यात्मिक उत्सुकता बढ़ती है।
संस्कृत परिचय:
उपनिषदः वैदिकवाङ्ग्मयस्य अन्तिमे भागे दर्शनशास्त्रस्य परमात्मनः महिमा प्रधानतया गीयते। तेन परमात्मना जगत् व्याप्तमनुशासितं चास्ति। स एव सर्वेषां तपसां परमं लक्ष्यम्। अस्मिन् पाठे परमात्मपरा उपनिषदां पद्यात्मकाः पंच मंत्राः संकलिताः सन्ति।
हिंदी अर्थ: उपनिषद वैदिक साहित्य के अंतिम भाग में दार्शनिक सिद्धांत को प्रकट करते हैं। सर्वत्र परमपुरुष (परमात्मा) की महिमा का गायन हुआ है। जिस परमात्मा से संपूर्ण संसार व्याप्त और अनुशासित है, सबकी तपस्या का लक्ष्य उसी को प्राप्त करना है।
हिरण्मयेन पात्रेण सत्यस्यापिहितं मुखम् ।
तत्त्वम् पूषन्नपावृणु सत्यधर्माय दृष्टये ।।
सरल हिंदी अर्थ
हे प्रभु! सत्य का मुख सोने जैसे ज्योतिर्मय आवरण से ढका हुआ है। सत्य धर्म की प्राप्ति और दर्शन के लिए उस आवरण को हटा दें।
व्याख्या
प्रस्तुत श्लोक ईशावास्य उपनिषद् से संकलित तथा 'मङ्गलम्' पाठ से उद्धृत है। इसमें सत्य के विषय में कहा गया है कि सांसारिक मोह-माया के कारण विद्वान भी उस परम सत्य को प्राप्त नहीं कर पाते हैं। सांसारिक चकाचौंध में सत्य इस प्रकार ढक जाता है कि मनुष्य जीवनभर भटकता रहता है। इसलिए ईश्वर से प्रार्थना की गई है कि हे प्रभु! माया रूपी आवरण को हटा दीजिए ताकि हम परम सत्य को प्राप्त कर सकें।
अणोरणीयान् महतो महीयान्
आत्मास्य जन्तोर्निहितो गुहायाम्।
तमक्रतुः पश्यति वीतशोको
धातुप्रसादान्महिमानमात्मानः ।।
सरल हिंदी अर्थ
मनुष्य की हृदयरूपी गुफा में अणु से भी छोटा और महान से भी महान रूप में आत्मा विद्यमान है। निष्काम (वासणारहित) व्यक्ति ईश्वर की कृपा से उस श्रेष्ठ आत्मा के महिमा को देखकर शोकरहित हो जाता है।
व्याख्या
प्रस्तुत श्लोक कठ उपनिषद् से संकलित है। इसमें आत्मा के स्वरूप तथा निवास स्थान का वर्णन है। आत्मा जीव के हृदय रूपी गुफा में सूक्ष्म से भी सूक्ष्म तथा महान से भी महान रूप में विद्यमान रहती है। जब जीव सांसारिक मोह-माया का त्याग कर आत्मा से साक्षात्कार करता है, तब उसकी आत्मा परमात्मा में लीन हो जाती है और जीव सभी दुखों से मुक्त हो जाता है।
सत्यमेव जयते नानृतं
सत्येन पन्था विततो देवयानः ।
येनाक्रमन्त्यृषयो ह्याप्तकामा
यत्र तत् सत्यस्य परं निधानम्।।
सरल हिंदी अर्थ
सत्य की ही जीत होती है, असत्य (झूठ) की नहीं। सत्य से ही देवलोक का मार्ग प्रशस्त होता है। मोक्ष पाने वाले ऋषिमण्डल उसी सत्य के मार्ग से देवलोक प्राप्त करते हैं, जहाँ सत्य का परम भण्डार है।
व्याख्या
प्रस्तुत श्लोक मुण्डक उपनिषद् से संकलित है। इसमें सत्य के महत्त्व पर प्रकाश डाला गया है। ऋषियों का संदेश है कि ईश्वर की प्राप्ति केवल सत्य की आराधना से संभव है। असत्य के मार्ग पर चलकर कोई परमात्मा तक नहीं पहुँच सकता। अतः सत्य ही मोक्ष का एकमात्र मार्ग है।
यथा नद्यः स्यन्दमानाः समुद्रे-
ऽस्तं गच्छन्ति नामरूपे विहाय।
तथा विद्वान् नामरूपाद् विमुक्तः
परात्परं पुरुषमुपैति दिव्यम् ।।
सरल हिंदी अर्थ
जिस प्रकार बहती हुई नदियाँ अपने नाम और रूप को त्यागकर समुद्र में विलीन हो जाती हैं, उसी प्रकार ज्ञानी पुरुष अपने नाम और रूप से मुक्त होकर परम दिव्य पुरुष (ईश्वर) को प्राप्त कर लेता है।
व्याख्या
प्रस्तुत श्लोक मुण्डक उपनिषद् से संकलित है। इसमें जीव और परमात्मा के एकाकार होने का वर्णन है। आत्मज्ञान होते ही जीव का अहंकार, नाम और पहचान समाप्त हो जाती है और वह ईश्वर में समाहित होकर मुक्ति प्राप्त कर लेता है।
वेदाहमेतं पुरुषं महान्तम्
आदित्यवर्णं तमसः परस्तात् ।
तमेव विदित्वाति मृत्युमेति
नान्यः पन्था विद्यते ऽयनाय ।।
सरल हिंदी अर्थ
मैं उस अज्ञान-रूपी अंधकार से परे, सूर्य के समान दिव्य परमपुरुष (परमात्मा) को जानता हूँ। केवल उसी को जानकर मृत्यु पर विजय पाई जा सकती है; इसके अतिरिक्त मोक्ष का अन्य कोई मार्ग नहीं है।
व्याख्या
प्रस्तुत श्लोक श्वेताश्वतर उपनिषद् से संकलित है। इसमें ईश्वर के महान ज्ञान-स्वरूप का वर्णन किया गया है। ऋषियों का मानना है कि परमेश्वर ही स्वयं प्रकाश स्वरूप हैं। उन्हें जानकर ही जीव जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति पा सकता है।