⭐ CHAPTER – 05 · कक्षा 12 जीव विज्ञान

वंशागति एवं विविधता के सिद्धांत

Principles of Inheritance and Variation

"यह नोट्स बिल्कुल मुफ़्त हैं! यदि आप हमारे Topper Notes बिस्तार से पढ़ना चाहते हैं, तो हमारा प्रीमियम मेंबरशिप प्लान लें।"

📚 9 मुख्य भाग🧬 मेंडल + सहलग्नता + उत्परिवर्तन⏱ लगभग 30 मिनट
1

आनुवंशिकी की मूल बातें Genetics & Heredity

आनुवंशिकी (Genetics)विज्ञान की वह शाखा जिसमें माता-पिता और संतान के समान या असमान गुणों का अध्ययन किया जाता है।
आनुवंशिकता (Heredity)जो गुण माता-पिता से संतानों में पीढ़ी-दर-पीढ़ी पहुँचते हैं, वे आनुवंशिक (पैतृक) गुण हैं और उनके संचरण की प्रक्रिया आनुवंशिकता है। संचरण जनकों के युग्मकों द्वारा होता है।
परीक्षा के लिए"Genetics" शब्द का पहली बार प्रयोग डब्ल्यू. बेटसन (1905) ने किया। ग्रेगर जॉन मेंडल को आधुनिक आनुवंशिकी का जनक कहते हैं।

मेंडल की सफलता के कारण

  1. मटर का चयन: सरल, स्वपरागी पौधा।
  2. विपरीत लक्षणों का चयन: 7 जोड़ी स्पष्ट विपरीत लक्षण (लंबा/बौना, गोल/झुर्रीदार बीज आदि)।
  3. एक समय में एक लक्षण का अध्ययन, जिससे परिणाम उलझे नहीं।
  4. गणितीय-सांख्यिकीय रिकॉर्ड: हर पीढ़ी के पौधे गिनकर अनुपात निकाला (ऐसा करने वाले पहले जीवविज्ञानी)।
  5. शुद्ध वंशक्रम: लगातार स्वपरागण से शुद्ध पौधे तैयार किए।
  6. पर-परागण में सावधानी: विपुंसन (Emasculation) द्वारा अवांछित परागकण रोके।
2

मेंडल के नियम Mendel's Laws of Inheritance

एकसंकर (Monohybrid) और द्विसंकर (Dihybrid) क्रॉस के निष्कर्षों को मेंडल के आनुवंशिकता के नियम कहते हैं।

प्रथम नियम – प्रभाविता का नियम (Law of Dominance)

दो विपरीत लक्षणों वाले शुद्ध पौधों के संकरण पर F1 में केवल एक लक्षण दिखता है – वह प्रभावी (Dominant), जो छिप जाता है वह अप्रभावी (Recessive)।

  • लक्षणों का नियंत्रण कारकों (जीन) से होता है, जो हमेशा जोड़ों में रहते हैं।
  • असमान कारकों के जोड़े में एक प्रभावी, दूसरा अप्रभावी होता है।

निष्कर्ष: लंबे (TT) × बौने (tt) → F1 में सभी लंबे (Tt); यानी लंबापन बौनेपन पर प्रभावी है।

द्वितीय नियम – विसंयोजन / पृथक्करण का नियम (Law of Segregation)

प्रत्येक लक्षण के लिए जीव में दो कारक (एलील) होते हैं, जो युग्मक बनते समय अलग हो जाते हैं; हर युग्मक में केवल एक एलील जाता है। इसीलिए इसे युग्मकों की शुद्धता का नियम भी कहते हैं।

F1 (Tt) × (Tt)Tt
TTT (लंबा)Tt (लंबा)
tTt (लंबा)tt (बौना)

F2: फीनोटाइप अनुपात 3 : 1 (लंबे : बौने), जीनोटाइप अनुपात 1 : 2 : 1 (TT : Tt : tt)।

महत्व

  • जीन संकल्पना को बल मिलता है।
  • जीन के दो युग्मविकल्पी होते हैं और युग्मकों से अगली पीढ़ी में जाते हैं।
  • मोनोहाइब्रिड व डाईहाइब्रिड दोनों क्रॉस पर लागू।

तृतीय नियम – स्वतंत्र अपव्यूहन का नियम (Law of Independent Assortment)

दो जोड़ी विपरीत लक्षणों के संकरण में एक लक्षण की वंशागति दूसरे को प्रभावित नहीं करती; लक्षण एक-दूसरे से स्वतंत्र होते हैं।

गोल पीला (YYRR) × झुर्रीदार हरा (yyrr)→F1: सभी गोल पीले (YyRr)→F1 × F1 स्वपरागण→F2: 9 : 3 : 3 : 1

F2 में 4 फीनोटाइप: गोल पीले (9), गोल हरे (3), झुर्रीदार पीले (3), झुर्रीदार हरे (1)। यही द्विसंकर क्रॉस है।

3

आनुवंशिक शब्दावली Genetic Terms

शब्दअर्थ
जीन (Gene)लक्षणों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी पहुँचाने वाली इकाई। मेंडल ने इसे कारक कहा; "जीन" शब्द जोहन्सन ने दिया।
एलील (Allele)एक ही जीन के दो या अधिक रूप, जो गुणसूत्र पर एक ही स्थान (Locus) पर होते हैं।
फीनोटाइपजीव के बाह्य दिखने वाले लक्षण (त्वचा का रंग, लंबापन)।
जीनोटाइपजीव के भीतर छिपी आनुवंशिक संरचना।
जीन बिन्दु (Locus)गुणसूत्र पर जीन का निश्चित स्थान।
समयुग्मजीएक लक्षण के दोनों जीन समान: TT, tt।
विषमयुग्मजीएक लक्षण के दोनों जीन असमान: Tt।
4

मेंडलवाद के विचलन Deviations of Mendelism

परिभाषावे आनुवंशिक घटनाएँ जो मेंडल के प्रभाविता और स्वतंत्र अपव्यूहन के नियमों का पूर्ण पालन नहीं करतीं। उदाहरण: अपूर्ण प्रभाविता, सहलग्नता, क्रॉसिंग ओवर, सहप्रभाविता, बहुविकल्पता।

अपूर्ण प्रभाविता (Incomplete Dominance)

जब प्रभावी गुण, जोड़े के दूसरे गुण को पूरी तरह नहीं दबा पाता और F1 में मध्यवर्ती (तीसरा) गुण दिखता है।

लाल (RR) × सफेद (rr)→F1: सभी गुलाबी (Rr)→F2: लाल : गुलाबी : सफेद = 1 : 2 : 1

उदाहरण: मिराबिलिस जलापा (गुलबाँस)स्नैपड्रैगन (Antirrhinum majus)

सहप्रभाविता (Co-dominance)

विषमयुग्मजी जोड़े के दोनों एलील समान रूप से अपना गुण प्रकट करते हैं; गुणों का मिश्रण नहीं होता, दोनों अलग-अलग स्पष्ट दिखते हैं। उदाहरण: AB रक्त समूह – IA और IB दोनों प्रभावी, A व B दोनों एंटीजन RBC पर मौजूद।

बहुविकल्पता (Multiple Allelism)

जब एक लक्षण को नियंत्रित करने वाले जीन के दो से अधिक एलील हों। उदाहरण: मानव ABO रक्त समूह (जीन I के तीन एलील):

  • IA – A एंटीजन बनाता है
  • IB – B एंटीजन बनाता है
  • i – कोई एंटीजन नहीं बनाता

IA और IB दोनों i पर पूर्णतः प्रभावी हैं; IA + IB साथ आने पर सहप्रभाविता।

जीनोटाइपरक्त समूहएंटीजन
IAIA, IAiAA
IBIB, IBiBB
IAIBABA व B दोनों
iiOकोई नहीं
एंटीजन (Antigen)बाहरी पदार्थ/कण जो प्रतिरक्षा तंत्र को सक्रिय कर एंटीबॉडी बनवाते हैं। बाह्य एंटीजन: बैक्टीरिया, वायरस, परागकण, धूल, विषाक्त पदार्थ। स्व-एंटीजन: शरीर की अपनी कोशिकाओं की सतह पर; सामान्यतः प्रतिक्रिया नहीं होती, पर ऑटोइम्यून रोगों में शरीर इन्हें भी बाहरी समझ लेता है।
5

गुणसूत्रीय सिद्धांत व सहलग्नता Chromosomal Theory & Linkage

आनुवंशिकता का गुणसूत्रीय सिद्धांत

  • द्विगुणित कोशिकाओं में गुणसूत्र और कारक जोड़ों में रहते हैं।
  • युग्मक बनते समय गुणसूत्र और जीन दोनों अलग हो जाते हैं।
  • हर युग्मक में समजात गुणसूत्रों में से एक और कारकों में से एक ही आता है।

सटन (Sutton) के अनुसार जीन जिस गुणसूत्र पर स्थित होते हैं, उसी के साथ अगली पीढ़ी में जाते हैं।

सहलग्नता (Linkage)एक ही गुणसूत्र पर पास-पास स्थित जीनों का अर्धसूत्री विभाजन में अलग न होकर एक साथ अगली पीढ़ी में जाना।

सहलग्नता के नियम-बिंदु

  • जीन गुणसूत्र पर सीधी रेखा में, निश्चित स्थान (लोकस) पर होते हैं।
  • सहलग्नता दो जीनों के बीच की दूरी पर निर्भर है।
  • दूरी अधिक → लिंकेज कम, पुनर्योजन (Recombination) अधिक।
  • दूरी कम → लिंकेज अधिक, पुनर्योजन कम।
पूर्ण सहलग्नता (Complete)
  • जीन इतने पास कि पीढ़ियों तक बिना क्रॉसिंग ओवर साथ जाते हैं
  • दुर्लभ घटना; ड्रोसोफिला (नर) में
  • संतान में केवल जनक जैसे लक्षण, नए संयोजन नहीं
अपूर्ण सहलग्नता (Incomplete)
  • क्रॉसिंग ओवर से जीन अलग हो जाते हैं
  • पैतृक के साथ नए लक्षण संयोजन भी दिखते हैं
  • प्रकृति में सामान्यतः यही दिखती है
जीवकुल गुणसूत्रलिंकेज ग्रुप
ड्रोसोफिला84
मनुष्य4623
मटर14 (7 जोड़ी)7
न्यूरोस्पोरा77
म्यूकर2 जोड़ी2
मक्का20 (10 जोड़ी)10

मानचित्र दूरी (Map Distance)

मानचित्र दूरी = (पुनर्योगज संतति ÷ कुल संतति) × 100  |  इकाई: सेंटीमॉर्गन (cM)

उदाहरण: कुल संतति = 1000, पुनर्योगज = 200 → मानचित्र दूरी = 200/1000 × 100 = 20 cM।

सहलग्नता का महत्व

  • नए जीन संयोजन नहीं बनने देती, इसलिए शुद्धता पीढ़ी-दर-पीढ़ी बनी रहती है।
  • पुनर्योजन घटाकर फसलों के लक्षण बनाए रखने में सहायक।

क्रॉसिंग ओवर

अर्धसूत्री विभाजन में समजात गुणसूत्रों की अनुजात क्रोमैटिडों के बीच खंडों का आदान-प्रदान।

टेस्ट क्रॉस व बैक क्रॉस

टेस्ट क्रॉस: F1 का अप्रभावी जनक से संकरण।
बैक क्रॉस: संकर का किसी भी जनक से संकरण।

6

लिंग निर्धारण व लिंग-सहलग्न वंशागति Sex-linked Inheritance

लिंग गुणसूत्र

ड्रोसोफिला व मनुष्य में लिंग गुणसूत्र का एक जोड़ा होता है।

  • मादा (XX): दोनों समान – होमोमॉर्फिक।
  • नर (XY): असमान – हेटेरोमॉर्फिक (X दंडाकार, Y हुक आकार का)।
  • मनुष्य में नर युग्मक दो प्रकार के (X या Y), इसलिए शिशु का लिंग पिता के शुक्राणु से तय होता है।
लिंग-सहलग्न वंशागतिजिन लक्षणों के जीन लिंग गुणसूत्र (X) पर होते हैं, उनकी वंशागति।

हीमोफीलिया (रॉयल डिजीज)

वंशानुगत रोग जिसमें रक्त का थक्का कम बनता है, चोट पर अधिक रक्तस्राव का खतरा। कारण: क्लॉटिंग फैक्टर प्रोटीन की कमी।

  • हीमोफीलिया A: फैक्टर VIII की कमी।
  • हीमोफीलिया B: फैक्टर IX की कमी।
  • जीन X गुणसूत्र पर; पुरुषों में एक ही X होने से अधिक प्रभावित।
  • महिलाएँ प्रायः केवल वाहक (Carrier) होती हैं; रोग तभी जब दोनों X प्रभावित।

वर्णांधता (Colour Blindness)

आँखें सामान्य रूप से रंग नहीं देख पातीं (Colour Deficiency)। जीन X गुणसूत्र पर।

  • पुरुष (XY): माँ से एक भी प्रभावित X मिलने पर वर्णांध।
  • महिला (XX): एक X प्रभावित हो तो दूसरा सामान्य X कमी पूरी कर देता है (वाहक); वर्णांध तभी जब दोनों X प्रभावित।
7

उत्परिवर्तन Mutation

परिभाषाकोशिका विभाजन के दोष, पराबैंगनी किरण, रासायनिक तत्त्व या वायरस के कारण जीन/DNA में होने वाला स्थायी परिवर्तन।

(A) गुणसूत्रीय उत्परिवर्तन

गुणसूत्रों की संख्या या संरचना में परिवर्तन।

1. संख्यात्मक

  • अगुणिता (Haploidy): गुणसूत्रों के पूरे एक सेट की कमी।
  • बहुगुणिता (Polyploidy): एक या अधिक पूरे सेटों की वृद्धि।
  • बहुसूत्रता (Polysomy): एक या अधिक गुणसूत्र बढ़ना (2n+1, 2n+2)।
  • अवसूत्रता (Hypoploidy): एक या अधिक गुणसूत्र घटना (2n−1, 2n−2)।
  • लिंग गुणसूत्रों की संख्या में परिवर्तन से टर्नर व क्लाइनफेल्टर सिंड्रोम जैसे विकार।

2. संरचनात्मक

गुणसूत्र पर जीनों की व्यवस्था बदलती है; कभी-कभी जीव की मृत्यु भी।

प्रकारक्या होता है
अल्पता (Deficiency)गुणसूत्र के किसी खंड का लोप; जीनों की संख्या घटती है
गुणन (Duplication)जीन युक्त एक भाग और जुड़ जाता है; जीन संख्या बढ़ती है
स्थानांतरण (Translocation)दो असमजात गुणसूत्रों के भागों का आदान-प्रदान
प्रतिलोमीकरण (Inversion)खंड टूटकर 180° घूमकर वापस जुड़ता है। उदा.: A-B-C-D-E-F → A-D-C-B-E-F

(B) जीन उत्परिवर्तन

जीन के DNA/RNA की रासायनिक संरचना (न्यूक्लियोटाइड क्रम) में परिवर्तन। इससे सिकल सेल एनीमिया होता है।

  • प्रतिस्थापन (Substitution): एक क्षारक दूसरे से बदलना – ट्रांज़िशन और ट्रांसवर्जन।
  • विलोपन (Deletion): एक या अधिक क्षार निकल जाना; संदेश फ्रेम से बाहर हो जाता है।
  • निवेशन (Insertion): एक या अधिक क्षार जुड़ जाना; आनुवंशिक संदेश बाधित।
वर्गीकरण आधारप्रकार
आकारवृहत (Macro): फीनोटाइप में दिखने वाली विभिन्नताएँ; गुणसूत्र संख्या/संरचना में परिवर्तन।
सूक्ष्म (Micro): जीनोटाइप स्तर, DNA/आणविक परिवर्तन।
दिशाअग्र (Forward): वन्य गुण से उत्परिवर्ती की ओर (रंगीन फूल → सफेद फूल)।
प्रतिलोम (Reverse): उत्परिवर्ती से वन्य गुण की ओर (सफेद → रंगीन)।
8

आनुवंशिक विकार Genetic Disorders

परिभाषाजीनोम (DNA) की असामान्यताओं से उत्पन्न बीमारियाँ; जन्मजात, प्रायः पीढ़ी-दर-पीढ़ी चलती हैं। कारण: एक/अनेक जीनों में उत्परिवर्तन, या गुणसूत्रों की संख्या/संरचना में परिवर्तन।

1. मेंडेलियन विकार (एक जीन में उत्परिवर्तन)

  • सिस्टिक फाइब्रोसिस (ऑटोसोमल रिसेसिव): फेफड़ों व पाचन तंत्र में बलगम जमना।
  • हीमोफीलिया (सेक्स-लिंक्ड रिसेसिव): रक्त का थक्का न जमना।
  • सिकल सेल एनीमिया (ऑटोसोमल रिसेसिव): RBC हँसिये के आकार की हो जाती हैं।

2. क्रोमोसोमल विकार

गुणसूत्रों की संख्या या संरचना में परिवर्तन; पूरा गुणसूत्र बढ़ या घट सकता है। प्रायः घातक और कई जीनों को प्रभावित करने वाले।

डाउन सिंड्रोम

ट्राइसोमी 21 – सबसे सामान्य गुणसूत्र संख्या विकार। वर्णन: लैंगडन डाउन, 1866।

  • छोटा कद, गोल चेहरा, चपटी नाक
  • झुकी आँखें, आंशिक खुला मुँह, चौड़ी हथेली
  • मानसिक विकास सामान्य से कम

टर्नर सिंड्रोम

केवल महिलाओं में; एक ही पूर्ण X (45, X / XO)।

  • कम लंबाई, चौड़ी (शील्ड) छाती
  • अंडाशय अविकसित
  • स्तनों का कम विकास, मासिक धर्म नहीं
9

Extra Knowledge जनन के तरीके

प्रकारविशेषताउदाहरण
अंडजरायुजता (Ovoviviparity)अंडे माता के शरीर के भीतर विकसित होकर वहीं फूटते हैं; जीवित बच्चा बाहर आता है। प्लेसेंटा नहीं; भ्रूण को पोषण अंडे की जर्दी (Yolk) से मिलता है, माता केवल सुरक्षा व तापमान देती है।कई शार्क, गार्टर स्नेक, रैटलस्नेक, गप्पी मछली
अंडजता (Oviparity)अंडा बाहर दिया जाता है; बच्चा बाहर विकसित होता है।मुर्गी, साँप
जरायुजता (Viviparity)जीवित बच्चा; भ्रूण को प्लेसेंटा से पोषण।मनुष्य, गाय

⚡ एक नज़र में (Quick Revision)

Genetics शब्दबेटसन (1905); मेंडल = आधुनिक आनुवंशिकी के जनक।
मेंडल के नियमप्रभाविता; विसंयोजन (युग्मक शुद्धता); स्वतंत्र अपव्यूहन।
अनुपातएकसंकर F2: 3:1 (जीनोटाइप 1:2:1); द्विसंकर F2: 9:3:3:1।
जीन शब्दजोहन्सन; मेंडल ने "कारक" कहा।
अपूर्ण प्रभावितामिराबिलिस, स्नैपड्रैगन; F2 में 1:2:1।
सहप्रभाविता / बहुविकल्पताAB रक्त समूह / ABO के तीन एलील IA, IB, i।
गुणसूत्रीय सिद्धांतसटन; जीन गुणसूत्र के साथ चलते हैं।
सहलग्नतादूरी कम → लिंकेज अधिक; पूर्ण (ड्रोसोफिला नर), अपूर्ण (सामान्य)।
लिंकेज ग्रुपड्रोसोफिला 4, मनुष्य 23, मटर 7, मक्का 10।
मानचित्र दूरी(पुनर्योगज/कुल संतति)×100 cM; 200/1000 → 20 cM।
टेस्ट क्रॉसF1 × अप्रभावी जनक; बैक क्रॉस = किसी भी जनक से।
X-सहलग्न रोगहीमोफीलिया (A: VIII, B: IX), वर्णांधता; पुरुष अधिक प्रभावित।
संरचनात्मक उत्परिवर्तनअल्पता, गुणन, स्थानांतरण, प्रतिलोमीकरण।
जीन उत्परिवर्तनप्रतिस्थापन, विलोपन, निवेशन; सिकल सेल एनीमिया।
डाउन / टर्नरट्राइसोमी 21 (लैंगडन डाउन, 1866) / 45, X (केवल महिलाएँ)।

ℹ️ परीक्षा से पहले अपनी पाठ्यपुस्तक से इन बिंदुओं का एक बार मिलान ज़रूर करें।

📅 अंतिम अपडेट: 25 अक्टूबर 2026