जीवों में जनन
Reproduction in Organisms
"यह नोट्स बिल्कुल मुफ़्त हैं! यदि आप हमारे Topper Notes बिस्तार से पढ़ना चाहते हैं, तो हमारा प्रीमियम मेंबरशिप प्लान लें।"
जीवन अवधि Life span
| क्रम | जीव / प्राणी | औसत जीवन अवधि |
|---|---|---|
| 1 | मक्खी | 20–30 दिन |
| 2 | कुत्ता | 10–15 वर्ष |
| 3 | बिल्ली | 12–18 वर्ष |
| 4 | गाय | 20–25 वर्ष |
| 5 | घोड़ा | 25–30 वर्ष |
| 6 | हाथी | 60–70 वर्ष |
| 7 | शेर | 12–16 वर्ष |
| 8 | कछुआ | 100–150 वर्ष |
| 9 | तोता | 140 वर्ष |
| 10 | चूहा | 2–3 वर्ष |
| 11 | खरगोश | 8–12 वर्ष |
| 12 | मनुष्य | 70–80 वर्ष |
| 13 | तितली | 15–30 दिन |
| 14 | मेंढक | 10–12 वर्ष |
| 15 | मछली (औसत) | 10–20 वर्ष |
| 16 | गरुड़ / बाज | 90 वर्ष |
| 17 | बरगद | 200–500 वर्ष |
| 18 | सीक्वोइया | 2,000–5,000 वर्ष |
जनन और अलैंगिक जनन Reproduction & Asexual Reproduction
जनन के प्रकार
- अलैंगिक जनन / असंगजनन (Asexual Reproduction)
- लैंगिक जनन (Sexual Reproduction)
अलैंगिक जनन की विशेषताएँ
- उत्पन्न संतानें जनक के समान होती हैं (क्लोन)।
- प्रक्रिया सरल, तेज और कम ऊर्जा में पूरी होती है।
- प्रायः एककोशिकीय जीवों और कुछ पौधों में पाई जाती है।
प्रमुख प्रकार: द्विखंडन – अमीबाबहुखंडन – प्लास्मोडियममुकुलन – यीस्टबीजाणु निर्माण – फफूँदवानस्पतिक जनन – आलू, गन्ना
1. द्विखंडन (Binary Fission)
एककोशिकीय जीव दो समान संतति कोशिकाओं में विभाजित हो जाता है। अमीबाबैक्टीरियापैरामीशियम
द्विखंडन के प्रकार
- अनियमित द्विखंडन (Irregular): जीव किसी भी दिशा या तल में विभाजित होता है, विभाजन का तल निश्चित नहीं होता। उदाहरण: अमीबा
- अनुप्रस्थ द्विखंडन (Transverse): कोशिका का विभाजन आड़ी (चौड़ाई की) दिशा में होता है। उदाहरण: पैरामीशियम
- अनुदैर्ध्य द्विखंडन (Longitudinal): कोशिका का विभाजन लंबाई की दिशा में होता है। उदाहरण: युग्लीना
2. बहुखंडन (Multiple Fission)
एक जनक कोशिका एक साथ कई संतति कोशिकाओं में विभाजित हो जाती है। यह प्रायः प्रतिकूल परिस्थितियों में होता है। उदाहरण: प्लास्मोडियम (मलेरिया परजीवी)
3. कली जनन / मुकुलन (Budding)
जनक शरीर पर कली (bud) निकलती है, जो बढ़कर अलग होकर नया जीव बन जाती है। उदाहरण: यीस्टहाइड्रा
4. विखंडन / पुनर्जनन (Fragmentation / Regeneration)
जनक का शरीर टुकड़ों में टूट जाता है और प्रत्येक टुकड़ा नया जीव बना लेता है। उदाहरण: स्पाइरोगाइरा (शैवाल)प्लैनेरिया
5. बीजाणु जनन (Spore Formation)
जनक बीजाणु (spores) बनाता है, जो अनुकूल परिस्थितियों में अंकुरित होकर नया जीव बनाते हैं। उदाहरण: राइजोपस (ब्रेड मोल्ड)फर्न
6. कायिक प्रवर्धन / शाकीय जनन (Vegetative Propagation)
पौधों में जड़, तना या पत्ती से नया पौधा बनता है।
(A) प्राकृतिक शाकीय जनन
- तना – आलूअदरक
- जड़ – शकरकंद
- पत्ती – ब्रायोफिलम
(B) कृत्रिम शाकीय जनन
- कलम (Cutting) – गुलाब
- गूटी (Layering) – चमेली
- कलिकरण / रोपण (Grafting) – आम
- ऊतक संवर्धन (Tissue Culture) – केलाऑर्किड
- केवल एक जनक की आवश्यकता
- तेज़ और सरल प्रक्रिया
- कम ऊर्जा की आवश्यकता
- अनुकूल परिस्थितियों में तेज़ी से जनसंख्या वृद्धि
- आनुवंशिक विविधता का अभाव
- वातावरण परिवर्तन में अनुकूलन कम
- रोग का प्रभाव सभी संतानों पर समान
लैंगिक जनन Sexual Reproduction
- नर युग्मक = शुक्राणु (Sperm)
- मादा युग्मक = अंडाणु (Ovum)
- संलयन से बनने वाली कोशिका = युग्मनज (Zygote)
पुष्पीय पादपों में लैंगिक जनन Angiosperms
पुष्प के चार चक्र (Whorls)
- बाह्यदलपुंज (Calyx) – सबसे बाहरी चक्र, सुरक्षा
- दलपुंज / पंखुड़ी (Corolla) – परागण में सहायता
- पुमंग / पुंकेसर (Androecium) – नर जनन अंग
- जायांग / अंडप (Gynoecium / Pistil) – मादा जनन अंग
पुंकेसर (Androecium) – नर जनन अंग
- परागकोष (Anther)
- तंतु (Filament)
- परागकण (Pollen grain) – परागकोष में बनते हैं और इनमें नर युग्मक बनाने वाली कोशिकाएँ होती हैं।
परागकोष (Anther)
- परागकोष में सूक्ष्मबीजाणु (Microspores) बनते हैं, जो परिपक्व होकर परागकण बनते हैं।
- सामान्यतः परागकोष द्विखंडित (Bilobed) होता है और प्रत्येक खंड में दो परागकोषीय थैलियाँ होती हैं।
- कुल मिलाकर 4 परागकोषीय थैलियाँ (Microsporangia) होती हैं।
परागकोष की दीवार की परतें
| परत | कार्य / विशेषता |
|---|---|
| एपिडर्मिस (Epidermis) | सबसे बाहरी परत, सुरक्षा प्रदान करती है |
| एंडोथीसियम (Endothecium) | कोशिकाओं में मोटाई; परागकोष के फटने (Dehiscence) में सहायक |
| मध्य परतें (Middle layers) | पराग कण के विकास के दौरान नष्ट हो जाती हैं |
| टैपेटम (Tapetum) | सबसे भीतरी पोषक परत, परागकणों को पोषण देती है |
परागकण निर्माण (Microsporogenesis)
परागकोष में उपस्थित सूक्ष्मबीजाणु मातृ कोशिका (MMC) द्विगुणित (2n) होती है। यह बड़ी, गोल और सघन कोशिका होती है। इसमें अर्धसूत्री विभाजन (Meiosis I व II) के बाद 4 अगुणित (n) सूक्ष्मबीजाणु बनते हैं।
- चार सूक्ष्मबीजाणु आपस में जुड़े रहते हैं, जिसे टेट्राड कहते हैं।
- चारों को कैलोज दीवार (Callose wall) घेरे रहती है।
- एंजाइम कैलोज दीवार को घोल देता है, सूक्ष्मबीजाणु अलग हो जाते हैं और आगे चलकर परागकण बनते हैं।
जायांग / अंडप (Gynoecium) – मादा जनन अंग
- वर्तिकाग्र (Stigma)
- वर्तिका (Style)
- अंडाशय (Ovary)
बीजांड (Ovule): अंडाशय के अंदर स्थित होता है। इसमें मादा युग्मक (अंड कोशिका / Egg cell) होता है।
परागण Pollination
1. स्वपरागण (Self-pollination)
जब किसी पुष्प के परागकोष से परागकण निकलकर उसी पुष्प के वर्तिकाग्र पर या उसी पौधे के किसी अन्य पुष्प के वर्तिकाग्र पर पहुँचते हैं।
- स्वयुग्मन / ऑटोगैमी (Autogamy): परागकण उसी पुष्प के वर्तिकाग्र पर पहुँचते हैं। मटरटमाटरचावलगेहूँ
- सजातपुष्पी परागण / जाइटोनोगैमी (Geitonogamy): परागकण उसी पौधे के किसी अन्य पुष्प के वर्तिकाग्र पर पहुँचते हैं। मक्काकद्दू
- प्रक्रिया निश्चित होती है
- उत्पन्न बीज शुद्ध वंशक्रम वाले होते हैं
- पौधों में विभिन्नताएँ नहीं आतीं
- रोग प्रतिरोधक क्षमता कम पाई जाती है
2. परपरागण (Cross-pollination)
एक पुष्प के परागकण उसी जाति के अन्य पौधे के पुष्प के वर्तिकाग्र पर पहुँचते हैं। परागकणों को वर्तिकाग्र तक पहुँचाने वाले साधन कारक (कर्मक) कहलाते हैं।
| माध्यम | नाम | उदाहरण |
|---|---|---|
| वायु | Anemophily | मक्का, गेहूँ |
| जल | Hydrophily | वैलिसनेरिया |
| कीट | Entomophily | सरसों, सूरजमुखी, गुलाब, मटर |
| पक्षी | Ornithophily | बिगोनिया (Bignonia) |
| चमगादड़ | Chiropterophily | केला, बरगद, अगावे, महुआ |
- बीज बड़े, स्वस्थ व अच्छी नस्ल वाले होते हैं
- फल बड़े व स्वादिष्ट होते हैं
- अधिक परागकण व्यर्थ हो जाते हैं
- सदैव साधन (कारक) की आवश्यकता होती है
कृत्रिम संकरण (Artificial Hybridization)
मनुष्य द्वारा दो अलग-अलग पौधों के लक्षण लेकर सर्वश्रेष्ठ लक्षणों वाला पौधा बनाया जाता है। इसके दो आवश्यक प्रक्रम हैं:
(i) विपुंसन (Emasculation)
द्विलिंगी पुष्प के परागकोष में परागकण बनने से पहले ही चिमटी की सहायता से परागकोष निकाल देना। यह केवल द्विलिंगी पुष्पों में अपनाया जाता है। उदाहरण: कपासटमाटरमटर
लाभ: शुद्ध संकर बीज का उत्पादन · नई किस्मों का विकास · स्वपरागण की रोकथाम
(ii) थैलीकरण (Bagging)
विपुंसन के बाद पुष्प के वर्तिकाग्र को कागज़ या पॉलिथीन की थैली से ढक देते हैं, जिससे अन्य पुष्प के परागकण उस पर नहीं पहुँच पाते। पुष्प के परिपक्व होने पर थैली हटा दी जाती है।
लाभ: शुद्ध संकरण सुनिश्चित · अनावश्यक परपरागण से बचाव · उन्नत किस्मों के विकास में सहायक
निषेचन Fertilization
परागकणों का अंकुरण एवं परागनलिका का निर्माण
जब संगत पुष्प के वर्तिकाग्र पर परागकण पहुँचते हैं तो वे अंकुरित होकर नलिका जैसी संरचना बनाते हैं, जिसे परागनलिका कहते हैं। यह वर्तिका से होती हुई आगे बढ़ती है और अंततः बीजांड में प्रवेश करती है।
परागनलिका के भीतर की जनन कोशिका विभाजित होकर दो नर युग्मक बना लेती है। बीजांड के अंदर थैली जैसी संरचना भ्रूणकोष (Embryo sac) होती है, जिसमें अंड कोशिका स्थित होती है।
परागनलिका के भ्रूणकोष में प्रवेश के तीन मार्ग
- निभागीय (Chalazogamy): परागनलिका निभाग (chalaza) की ओर से बीजांड में प्रवेश करती है।
- अध्यावरणीय (Mesogamy): परागनलिका बीजांड के अध्यावरणों के बीच से होकर अंदर जाती है।
- बीजांडद्वारीय (Porogamy): परागनलिका बीजांडद्वार (micropyle) के माध्यम से भ्रूणकोष में पहुँचती है।
द्विनिषेचन (Double Fertilization)
परागनलिका के भ्रूणकोष में पहुँचने पर दोनों नर युग्मक अलग-अलग कार्य करते हैं:
- पहला नर युग्मक + अंड कोशिका → युग्मनज (Zygote), जिससे भ्रूण बनता है (निषेचन)।
- दूसरा नर युग्मक + दो ध्रुवीय केंद्रक → प्राथमिक भ्रूणपोष केंद्रक (3n), जो आगे भ्रूणपोष (Endosperm) बनता है (त्रिसंलयन)। भ्रूणपोष का कार्य भ्रूण को भोजन देना है।
निषेचन के बाद की घटनाएँ Post-fertilization Events
भ्रूणपोष (Endosperm)
जिस थैले जैसी संरचना में भ्रूण बनता है, वह भ्रूणकोष है, तथा भ्रूण को पोषण देने वाली त्रिगुणित (3n) कोशिका को भ्रूणपोष कहते हैं।
प्रकार: कोशिकीय (Cellular)केंद्रकीय (Nuclear)हेलोबियल (Helobial)
द्विबीजपत्री में भ्रूण का विकास
1. युग्मनज का विभाजन
निषेचन के बाद बना युग्मनज (2n) अनुप्रस्थ विभाजन से दो कोशिकाओं में बँटता है:
- शीर्षस्थ कोशिका (Terminal cell): ऊपर की ओर; बाद में भ्रूण का मुख्य भाग बनाती है।
- आधार कोशिका (Basal cell): नीचे की ओर; निलंबक (Suspensor) बनाती है।
2. निलंबक का निर्माण
आधार कोशिका बार-बार विभाजित होकर 6 से 10 कोशिकाओं की लंबी संरचना बनाती है। इसका मुख्य कार्य बढ़ते भ्रूण को पोषण के लिए भ्रूणपोष के अंदर धकेलना है।
3. भ्रूण की अवस्थाएँ
- गोलाकार भ्रूण (Globular): कोशिकाएँ गेंद जैसा आकार लेती हैं।
- हृदयाकार भ्रूण (Heart-shaped): दो बीजपत्र (Cotyledons) विकसित होने लगते हैं।
- परिपक्व भ्रूण (Mature): दो बड़े बीजपत्र और एक भ्रूणीय अक्ष (Embryonal axis)।
4. परिपक्व द्विबीजपत्री भ्रूण के भाग
- बीजपत्र (Cotyledons): भोजन का संचय करते हैं; द्विबीजपत्री में दो होते हैं।
- प्रांकुर (Plumule): भ्रूणीय अक्ष का ऊपरी भाग; आगे चलकर तना (shoot) बनाता है।
- मूलांकुर (Radicle): भ्रूणीय अक्ष का निचला सिरा; आगे चलकर जड़ (root) बनाता है।
एकबीजपत्री में भ्रूण का विकास
एकबीजपत्री पादपों में भी भ्रूण का विकास द्विबीजपत्री की तरह होता है, परंतु इनमें केवल एक बीजपत्र का निर्माण होता है।
बीज का निर्माण
द्विनिषेचन के बाद बीजांड विकसित होकर बीज बन जाता है। बीजांड के दोनों आवरण मिलकर बीजावरण बनाते हैं। बीजपत्र या भ्रूणपोष में भोजन संचित हो जाता है। धीरे-धीरे बीज में पानी की मात्रा कम होती है और भ्रूण सुप्त अवस्था में चला जाता है।
फल का निर्माण
फल एक परिपक्व अंडाशय है। बीज बनने के समय ही अंडाशय फूलकर रसीला, बड़ा फल बनाता है और अंडाशय की भित्ति से फल-भित्ति बनती है। जब फल के निर्माण में केवल अंडाशय भाग लेता है तो उसे सत्य फल कहते हैं। उदाहरण: आम
निषेचन के बाद पुष्प चक्रों में परिवर्तन
| चक्र | परिवर्तन |
|---|---|
| बाह्यदलपुंज | अलग हो जाते हैं; कुछ पौधों के फलों में लगे रहते हैं |
| दलपुंज | सूखकर झड़ जाते हैं |
| पुमंग | सूखकर नष्ट हो जाते हैं |
| जायांग | वर्तिकाग्र व वर्तिका सूख जाते हैं; अंडाशय → फल, बीजांड → बीज |
अनिषेकफलन (Parthenocarpy)
वह क्रिया जिसमें बिना निषेचन के ही फल का विकास हो जाता है। ऐसे फल में बीज नहीं होता। उदाहरण: अंगूरकेला
बहुभ्रूणता (Polyembryony)
जब एक ही बीज से एक से अधिक भ्रूण विकसित होते हैं। यह कुछ ही पौधों में देखी जाती है और बने भ्रूण लैंगिक या अलैंगिक किसी भी प्रकार के हो सकते हैं। प्रमुख उदाहरण: सिट्रस (संतरा, नींबू)
महत्त्व: अधिक संख्या में पौधे मिलते हैं · कई पौधे एक-समान गुणों वाले होते हैं।
पौधों के प्रकार Angiosperms, Gymnosperms, Mono/Polycarpic
आवृतबीजी पौधे (Angiosperms)
वे पौधे जिनमें बीज फल के अंदर बंद रहते हैं, फूलदार पौधे (Flowering plants) भी कहलाते हैं। उदाहरण: आमगेहूँचावलगुलाबसूरजमुखीसेब
मुख्य विशेषताएँ
- फूल पाए जाते हैं; बीज फल के अंदर सुरक्षित रहते हैं।
- जड़, तना, पत्ती, फूल, फल और बीज सभी भाग होते हैं।
- द्विनिषेचन की विशेष प्रक्रिया होती है।
- पृथ्वी पर सबसे अधिक विकसित पौधे हैं।
| आधार | एकबीजपत्री | द्विबीजपत्री |
|---|---|---|
| बीजपत्र | एक | दो |
| पत्ती की शिराएँ | समानांतर | जालिकाकार |
| जड़ | रेशेदार | मूसला (मुख्य जड़) |
| उदाहरण | गेहूँ, चावल, मक्का, केला, घास | मटर, आम, गुलाब, सरसों, सेम |
महत्व: भोजन का मुख्य स्रोत (गेहूँ, चावल, फल, सब्जियाँ) · औषधि (तुलसी, नीम) · लकड़ी व ईंधन · पर्यावरण संतुलन।
अनावृतबीजी पौधे (Gymnosperms)
वे पौधे जिनमें बीज खुले (नग्न) होते हैं, फल के अंदर बंद नहीं रहते। इनमें फूल और फल नहीं बनते; बीज कोन (Cone) पर पाए जाते हैं।
Gymnosperm = Gymno (नंगा/खुला) + Sperma (बीज)।
- अधिकतर सदाबहार (Evergreen); पत्ते प्रायः सुई जैसे।
- उदाहरण: साइकसपाइनफर (Fir)देवदारजिन्कगो
- महत्व: लकड़ी, कागज़ निर्माण, औषधि, सजावटी पौधे।
| आधार | आवृतबीजी | अनावृतबीजी |
|---|---|---|
| बीज | फल के अंदर | खुले |
| फूल | पाए जाते हैं | नहीं पाए जाते |
| फल | बनता है | नहीं बनता |
| उदाहरण | आम, गेहूँ | पाइन, साइकस |
मोनोकार्पिक पौधे (Monocarpic)
जो अपने जीवन में केवल एक बार फूल और फल उत्पन्न करते हैं और उसके बाद मर जाते हैं। (Mono = एक)। उदाहरण: केलाबाँसअगावेचावलगेहूँ
पॉलिकार्पिक पौधे (Polycarpic)
जो अपने जीवन में कई बार फूल और फल उत्पन्न करते हैं। (Poly = अनेक)। उदाहरण: आमसेबनारियलअमरूदगुलाब
| मोनोकार्पिक | पॉलिकार्पिक |
|---|---|
| केवल एक बार फल बनता है | कई बार फल बनता है |
| फल के बाद मर जाते हैं | लंबे समय तक जीवित रहते हैं |
| केला, बाँस | आम, नारियल |
नीलाकुरिंजी (Strobilanthes kunthiana): 12 साल में एक बार फूलता है और फिर मर जाता है।
आम: हर साल (या कभी एक साल छोड़कर) फल देता है, इसलिए आदर्श पॉलिकार्पिक पौधा है।
लैंगिक जनन: विशेषताएँ व चरण प्राणियों व पौधों में
लैंगिक जनन की मुख्य विशेषताएँ
- दो जनकों (नर और मादा) की आवश्यकता होती है।
- युग्मकों का निर्माण अर्धसूत्री विभाजन से होता है।
- संतानों में आनुवंशिक विविधता पाई जाती है।
- विकास की प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी होती है।
- संतानें वातावरण के अनुकूल बनने में अधिक सक्षम होती हैं।
लैंगिक जनन की प्रक्रिया (क्रमबद्ध चरण)
- युग्मक निर्माण (Gametogenesis): नर में शुक्राणुजनन (Spermatogenesis), मादा में अंडजनन (Oogenesis); दोनों अर्धसूत्री विभाजन द्वारा।
- निषेचन: नर और मादा युग्मकों का संलयन।
• आंतरिक निषेचन – मनुष्य, पक्षी, स्तनधारी
• बाह्य निषेचन – मछली, मेंढक - युग्मनज का निर्माण: निषेचन के बाद द्विगुणित युग्मनज बनता है; यही नए जीव की पहली कोशिका है।
- भ्रूण विकास: युग्मनज बार-बार विभाजित होकर भ्रूण बनाता है, जो आगे शिशु / नया पौधा बनता है।
पौधों और प्राणियों में लैंगिक जनन
पौधों में: फूल के माध्यम से होता है — परागण (परागकण का वर्तिकाग्र तक पहुँचना) → निषेचन (परागनलिका द्वारा नर युग्मक का अंड कोशिका से संलयन) → बीज और फल का निर्माण।
प्राणियों में: मनुष्य सहित अधिकांश प्राणी लैंगिक जनन करते हैं। नर और मादा के जनन अंग अलग-अलग होते हैं; मनुष्य में भ्रूण का विकास गर्भाशय में होता है।
- आनुवंशिक विविधता उत्पन्न होती है
- प्रजाति के विकास में सहायक
- रोगों के प्रति प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है
- बदलते पर्यावरण में जीवित रहने की संभावना अधिक
- दो जनकों की आवश्यकता
- प्रक्रिया जटिल और समय लेने वाली
- ऊर्जा और संसाधन अधिक लगते हैं
- जनसंख्या वृद्धि की गति धीमी
एक नज़र में (Quick Revision)
परीक्षा से पहले अपनी पाठ्यपुस्तक से इन बिंदुओं का एक बार मिलान ज़रूर करें।
VVI वस्तुनिष्ठ प्रश्न Important Objective Questions (MCQ)
प्रश्न पर टैप करें, फिर सही उत्तर देखें। पहले खुद सोचें।
1.अमीबा में जनन की विधि कौन-सी है?(A) मुकुलन(B) द्विखंडन(C) बीजाणु निर्माण(D) बहुखंडन
2.मलेरिया परजीवी प्लास्मोडियम में जनन की विधि है:(A) द्विखंडन(B) मुकुलन(C) बहुखंडन(D) विखंडन
3.यीस्ट में अलैंगिक जनन किस विधि से होता है?(A) मुकुलन(B) द्विखंडन(C) कलम(D) बीजाणु
4.पैरामीशियम में किस प्रकार का द्विखंडन होता है?(A) अनियमित(B) अनुदैर्ध्य(C) अनुप्रस्थ(D) तिरछा
5.ब्रायोफिलम में शाकीय जनन किस भाग से होता है?(A) जड़(B) तना(C) पत्ती(D) फूल
6.एक परागकोष में परागकोषीय थैलियों (Microsporangia) की संख्या होती है:(A) 2(B) 3(C) 4(D) 6
7.परागकोष की सबसे भीतरी पोषक परत कौन-सी है?(A) एपिडर्मिस(B) एंडोथीसियम(C) मध्य परत(D) टैपेटम
8.परागकोष के फटने (Dehiscence) में कौन-सी परत सहायक है?(A) टैपेटम(B) एंडोथीसियम(C) एपिडर्मिस(D) मध्य परत
9.सूक्ष्मबीजाणु मातृ कोशिका (MMC) में गुणसूत्र संख्या होती है:(A) n(B) 2n(C) 3n(D) 4n
10.परागकण की बाहरी भित्ति कहलाती है:(A) इन्टाइन(B) एक्साइन(C) टैपेटम(D) कैलोज
11.वायु द्वारा परागण कहलाता है:(A) हाइड्रोफिली(B) एनीमोफिली(C) एंटोमोफिली(D) ऑर्निथोफिली
12.वैलिसनेरिया में परागण किस माध्यम से होता है?(A) वायु(B) जल(C) कीट(D) चमगादड़
13.चमगादड़ द्वारा परागण कहलाता है:(A) कीरोप्टेरोफिली(B) ऑर्निथोफिली(C) एंटोमोफिली(D) एनीमोफिली
14.उसी पौधे के दूसरे पुष्प के वर्तिकाग्र पर परागण को कहते हैं:(A) ऑटोगैमी(B) जाइटोनोगैमी(C) परपरागण(D) अनिषेकफलन
15.कृत्रिम संकरण में परागकोष निकालने की क्रिया कहलाती है:(A) थैलीकरण(B) विपुंसन(C) परागण(D) निषेचन
16.बीजांडद्वार (Micropyle) से परागनलिका के प्रवेश को कहते हैं:(A) निभागीय(B) अध्यावरणीय(C) बीजांडद्वारीय(D) स्वयुग्मन
17.द्विनिषेचन किन पौधों में पाया जाता है?(A) शैवाल(B) अनावृतबीजी(C) आवृतबीजी(D) फर्न
18.भ्रूणपोष की गुणसूत्र संख्या होती है:(A) n(B) 2n(C) 3n(D) 4n
19.निषेचन के बाद बीजांड विकसित होकर बनता है:(A) फल(B) बीज(C) भ्रूणपोष(D) बीजपत्र
20.निलंबक (Suspensor) किससे बनता है?(A) शीर्षस्थ कोशिका(B) आधार कोशिका(C) टैपेटम(D) ध्रुवीय केंद्रक
21.भ्रूण विकास का सही क्रम है:(A) गोलाकार → हृदयाकार → प्रो-एम्ब्रियो(B) प्रो-एम्ब्रियो → गोलाकार → हृदयाकार(C) हृदयाकार → गोलाकार → परिपक्व(D) गोलाकार → प्रो-एम्ब्रियो → हृदयाकार
22.बिना निषेचन के बीजरहित फल बनना कहलाता है:(A) अनिषेकफलन(B) अनिषेक जनन(C) बहुभ्रूणता(D) द्विनिषेचन
23.एक बीज में एक से अधिक भ्रूण पाए जाते हैं, इसे कहते हैं बहुभ्रूणता। यह किसमें देखी जाती है?(A) सिट्रस(B) गेहूँ(C) मटर(D) चावल
24.निम्न में से मोनोकार्पिक पौधा कौन-सा है?(A) आम(B) नारियल(C) बाँस(D) गुलाब
25.निम्न में से एकबीजपत्री पौधा कौन-सा है?(A) मटर(B) सरसों(C) आम(D) गेहूँ
लघु उत्तरीय प्रश्न Short Answer Questions (2–3 अंक)
1.अलैंगिक और लैंगिक जनन में अंतर लिखिए।★ बार-बार पूछा गया
| आधार | अलैंगिक जनन | लैंगिक जनन |
|---|---|---|
| जनक | एक | दो (नर और मादा) |
| युग्मक | नहीं बनते | बनते हैं और संलयन होता है |
| संतान | जनक की क्लोन | आनुवंशिक विविधता वाली |
| गति / ऊर्जा | तेज़ और कम ऊर्जा | धीमी और अधिक ऊर्जा |
2.द्विखंडन और बहुखंडन में अंतर बताइए।
द्विखंडन: एक जीव दो समान संतति कोशिकाओं में बँटता है। उदाहरण: अमीबा।
बहुखंडन: एक जनक कोशिका एक साथ कई संतति कोशिकाओं में बँटती है, प्रायः प्रतिकूल परिस्थितियों में। उदाहरण: प्लास्मोडियम।
3.स्वपरागण और परपरागण में अंतर लिखिए।★ बार-बार पूछा गया
| आधार | स्वपरागण | परपरागण |
|---|---|---|
| परागकण का पहुँचना | उसी पुष्प / उसी पौधे के पुष्प के वर्तिकाग्र पर | उसी जाति के अन्य पौधे के पुष्प पर |
| कारक | आवश्यक नहीं | वायु, जल, कीट आदि आवश्यक |
| विभिन्नता | नहीं आती | आती है |
| उदाहरण | मटर, गेहूँ | मक्का, सरसों |
4.विपुंसन और थैलीकरण क्या हैं?★ बार-बार पूछा गया
विपुंसन: द्विलिंगी पुष्प के परागकोष को परागकण बनने से पहले चिमटी से निकाल देना।
थैलीकरण: विपुंसन के बाद पुष्प को कागज़ या पॉलिथीन की थैली से ढक देना, ताकि अवांछित परागकण वर्तिकाग्र पर न पहुँचें।
5.द्विनिषेचन क्या है?★ बार-बार पूछा गया
आवृतबीजी पौधों में दो नर युग्मकों से होने वाले दो संलयन:
- नर युग्मक + अंड कोशिका → युग्मनज (2n) (निषेचन)
- नर युग्मक + दो ध्रुवीय केंद्रक → भ्रूणपोष केंद्रक (3n) (त्रिसंलयन)
निषेचन + त्रिसंलयन = द्विनिषेचन।
6.अनिषेकफलन किसे कहते हैं? उदाहरण दीजिए।
बिना निषेचन के फल का विकास होना। ऐसे फल में बीज नहीं बनते। उदाहरण: केला, अंगूर।
7.बहुभ्रूणता क्या है? इसका क्या महत्त्व है?
एक ही बीज में एक से अधिक भ्रूण विकसित होना, जैसे सिट्रस में।
महत्त्व: अधिक संख्या में पौधे मिलते हैं और कई पौधे एक जैसे गुणों वाले होते हैं।
8.निलंबक (Suspensor) का कार्य लिखिए।
निलंबक आधार कोशिका से बनी 6–10 कोशिकाओं की संरचना है। यह बढ़ते भ्रूण को पोषण के लिए भ्रूणपोष के भीतर धकेलता है।
9.भ्रूणपोष क्या है? इसका क्या कार्य है?
त्रिसंलयन से बनी त्रिगुणित (3n) कोशिका या ऊतक को भ्रूणपोष कहते हैं। यह विकसित हो रहे भ्रूण को भोजन (पोषण) देता है।
10.मोनोकार्पिक और पॉलिकार्पिक पौधे क्या हैं? उदाहरण दीजिए।
मोनोकार्पिक: जीवन में केवल एक बार फूल-फल देकर मर जाते हैं। उदाहरण: केला, बाँस।
पॉलिकार्पिक: जीवन में कई बार फूल-फल देते हैं। उदाहरण: आम, नारियल।
दीर्घ उत्तरीय प्रश्न Long Answer Questions (5 अंक)
1.परागकण निर्माण (Microsporogenesis) की प्रक्रिया समझाइए।★ बार-बार पूछा गया
परागकण परागकोष में बनते हैं। परागकोष में उपस्थित सूक्ष्मबीजाणु मातृ कोशिकाएँ (MMC) द्विगुणित (2n) होती हैं।
- प्रत्येक MMC में अर्धसूत्री विभाजन (Meiosis I व II) होता है।
- इससे 4 अगुणित (n) सूक्ष्मबीजाणु बनते हैं, जो आपस में जुड़े होते हैं (टेट्राड)।
- टेट्राड को कैलोज की दीवार घेरे रहती है।
- एंजाइम कैलोज की दीवार को घोल देते हैं और सूक्ष्मबीजाणु अलग हो जाते हैं।
- प्रत्येक सूक्ष्मबीजाणु परागकण में विकसित हो जाता है, जिसके चारों ओर बाहरी एक्साइन और भीतरी इन्टाइन भित्ति बनती है।
परागकण में नर जनन कोशिकाएँ होती हैं, जो निषेचन में भाग लेती हैं।
2.द्विनिषेचन की प्रक्रिया समझाइए तथा इसका महत्त्व बताइए।★ बार-बार पूछा गया
परागकण वर्तिकाग्र पर अंकुरित होकर परागनलिका बनाता है। परागनलिका वर्तिका से होकर बीजांड में पहुँचती है और भ्रूणकोष में प्रवेश करती है। इसकी जनन कोशिका से दो नर युग्मक बनते हैं।
- निषेचन: पहला नर युग्मक + अंड कोशिका → युग्मनज (2n) → भ्रूण।
- त्रिसंलयन: दूसरा नर युग्मक + दो ध्रुवीय केंद्रक → प्राथमिक भ्रूणपोष केंद्रक (3n) → भ्रूणपोष।
महत्त्व: भ्रूणपोष तभी बनता है जब निषेचन हो, इसलिए भोजन का अपव्यय नहीं होता। द्विनिषेचन केवल आवृतबीजी पौधों में पाया जाता है।
3.परागण क्या है? परागण के प्रकार, कारक और लाभ-हानि लिखिए।
परागकणों का वर्तिकाग्र तक पहुँचना परागण है। यह दो प्रकार का होता है:
- स्वपरागण: ऑटोगैमी (मटर, गेहूँ) और जाइटोनोगैमी (मक्का, कद्दू)। लाभ: प्रक्रिया निश्चित, शुद्ध वंशक्रम। हानि: विभिन्नता नहीं, रोग प्रतिरोधक क्षमता कम।
- परपरागण: कारक: वायु (एनीमोफिली), जल (हाइड्रोफिली, वैलिसनेरिया), कीट (एंटोमोफिली), पक्षी (ऑर्निथोफिली), चमगादड़ (कीरोप्टेरोफिली)। लाभ: स्वस्थ बीज, अच्छी नस्ल। हानि: परागकण अधिक नष्ट होते हैं, कारक पर निर्भरता।
4.द्विबीजपत्री पौधे (कैप्सेला) में भ्रूण के विकास का वर्णन कीजिए।
- युग्मनज (2n) अनुप्रस्थ विभाजन से दो कोशिकाओं में बँटता है: शीर्षस्थ कोशिका और आधार कोशिका।
- आधार कोशिका बार-बार विभाजित होकर 6–10 कोशिकाओं का निलंबक बनाती है।
- शीर्षस्थ कोशिका से प्रो-एम्ब्रियो बनता है, फिर गोलाकार भ्रूण।
- दो बीजपत्र विकसित होने पर भ्रूण हृदयाकार हो जाता है।
- परिपक्व भ्रूण में दो बीजपत्र, प्रांकुर (तना बनाता है) और मूलांकुर (जड़ बनाता है) होते हैं।
क्रम: युग्मनज → प्रो-एम्ब्रियो → गोलाकार → हृदयाकार → परिपक्व भ्रूण।
5.अलैंगिक जनन की विभिन्न विधियाँ उदाहरण सहित लिखिए।
- द्विखंडन: अमीबा (अनियमित), पैरामीशियम (अनुप्रस्थ), युग्लीना (अनुदैर्ध्य)।
- बहुखंडन: प्लास्मोडियम।
- मुकुलन: यीस्ट, हाइड्रा।
- विखंडन / पुनर्जनन: स्पाइरोगाइरा, प्लैनेरिया।
- बीजाणु निर्माण: राइजोपस, फर्न।
- शाकीय जनन: प्राकृतिक (आलू, अदरक, शकरकंद, ब्रायोफिलम) और कृत्रिम (कलम: गुलाब, गूटी: चमेली, रोपण: आम, ऊतक संवर्धन: केला, ऑर्किड)।
6.निषेचन के बाद पुष्प में होने वाले परिवर्तन लिखिए।
- बीजांड → बीज (बीजावरण बीजांड के आवरणों से बनता है)
- अंडाशय → फल (अंडाशय की भित्ति → फल-भित्ति)
- दलपुंज और पुमंग सूखकर झड़ जाते हैं
- वर्तिकाग्र और वर्तिका सूख जाते हैं
- बाह्यदलपुंज प्रायः झड़ जाते हैं, कुछ फलों में लगे रहते हैं
- केवल अंडाशय से बना फल सत्य फल कहलाता है, जैसे आम
बार-बार पूछे जाने वाले प्रश्न Frequently Asked Questions (FAQ)
परीक्षा में अक्सर पूछे जाने वाले छोटे प्रश्न और उनके सीधे उत्तर।